प्रदेश सरकार ने बीते 48 घंटों के दौरान भारी बारिश से कई जनपदों में हुई भारी तबाही के चलते राहत व बचाव कार्य में सेना व एयरफोर्स की मदद ली जा सकती है।
सीएम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि सेना, अर्द्ध सैनिक बल और एयर फोर्स सहित राज्य पुलिस विभाग की आवश्यकता हो तो उसके लिए तत्काल राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए।
इस बीच आपदा प्रबंधन विभाग ने राहत सामग्री पहुंचाने के लिए एयरफोर्स की मदद मांगी है।
आपदा के बाद बचाव एवं राहत कार्य में लैंसडौन में सेना मदद कर रही है। द्वारखाल क्षेत्र में भी सेना ने गढ़वाल राइफल्स की टुकड़ी भेजी है। इसके अलावा अन्य प्रभावित जनपदों में जिलाधिकारियों से जानमाल के नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
साथ ही उनसे प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए सैन्य मदद की जरूरत के बारे में भी पूछा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने फिलहाल सेना और एयरफोर्स को हालात से अवगत करा दिया है। उधर सेना और एयरफोर्स को अलर्ट कर दिया गया है।