-शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होंगी पीजी कक्षाएं
-चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने दी अनुमति
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। टिहरी जिले के राजकीय नर्सिंग काॅलेज सुरसिंधार में एमएससी पाठ्यक्रम संचालन को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नर्सिंग काॅलेज में विधिवत पीजी कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित 10 सीटों पर छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की मान्यता मिलने से बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षुओं को टिहरी में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में उच्चस्तरीय व गुणात्मक चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए सरकार नए मेडिकल काॅलेजों व नर्सिंग काॅलेजों की स्थापना के साथ स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के संचालन पर भी विशेष जोर दे रही है। सरकार ने राजकीय नर्सिंग काॅलेज सुरसिंधार में पीजी कक्षाओं के संचालन को मंजूरी दी है।
विभागीय मंत्री ने कहा कि नर्सिंग काॅलेज में एमएससी पाठ्यक्रम के तहत कुल 10 सीटों को स्वीकृत दी गई है, जिसमें कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग, प्रसूति एवं गायनी नर्सिंग, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग, चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग व मेंटल हेल्थ नर्सिंग विषयों में दो-दो सीटें शामिल हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन विषयों में एमएससी नर्सिंग के नवीन पाठ्यक्रम का विधिवत संचालन किया जाएगा। डाॅ. रावत ने कहा कि लंबे समय से नर्सिंग काॅलेज टिहरी में एमएससी पाठ्यक्रम संचालन की मांग की जा रही थी। राज्य सरकार की काॅलेज में पीजी पाठ्यक्रम संचालन को विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विभागीय स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति की ओर से एमएससी नर्सिंग कक्षाओं के संचालन की सिफारिश सरकार को भेजी है। इस पर सरकार ने मंजूरी दी है। वर्तमान में नर्सिंग काॅलेज टिहरी में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम 40 सीटों के साथ संचालित किया जा रहा है, अब एमएससी नर्सिंग की 10 सीटों के साथ पीजी कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा।