देहरादून। रेलवे ट्रैक के नीचे सीवर लाइन डालने के प्रस्ताव को आखिर पांच साल बाद मंजूरी मिल गई है। कई इलाकों में बिछाई गई सीवर लाइन को एसटीपी से जोड़ा जाना है। लेकिन तीन जगह ट्रैक के नीचे लाइन खोदने की अनुमति न मिलने पर लोगों को नई लाइन का लाभ नहीं मिल रहा था। अब रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद जल्द लाइन को जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा।
रेसकोर्स, दीपनगर, त्यागी रोड क्षेत्र में पेयजल निगम ने करीब 50 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई है। इस लाइन से क्षेत्र की करीब 45 हजार की आबादी को लाभ मिलना था। सभी इलाकों को जोड़ते हुए लाइन कारगी के पास स्थित 68 एमएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़नी है। पांच साल पहले इन इलाकों में सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया, लेकिन लाइन एसटीपी से नहीं जोड़ी जा सकी। दरअसल लाइन और एसटीपी के बीच से रेलवे ट्रैक है। योजना के अनुसार तीन स्थानों पर रेल पटरी के नीचे से सीवर लाइन गुजरनी है। पेयजल निगम ने कई बार इसका प्रस्ताव बनाकर रेलवे को मंजूरी के लिए भेजा, लेकिन कुछ नहीं हुआ। अब करीब पांच साल के पत्राचार के बाद रेलवे ने सीवर लाइन बिछाने की अनुमति दी है।
रेलवे की मंजूरी के बाद जल्द पटरियों के नीचे सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। तीन स्थानों पर पटरियों के नीचे से सीवर लाइन गुजरनी है। इससे रेसकोर्स और उससे सटे इलाकों की हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। -पल्लवी, अधिशासी अभियंता, पेयजल निगम