फेमिना मिस इंडिया में टॉप 5 में रही लैंसडौन की बाला अनुकृति गुसाईं का शुक्रवार को कोटद्वार पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। कोटद्वार में मिस इंडिया ग्रेंड इंटरनेशनल ने बलूनी पब्लिक स्कूल से लेकर आडिटोरियम तक रोड शो कर जनता का अभिवादन किया।
यहां राजकीय आडिटोरियम में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में अनुकृति ने बताया कि उसे मिस इंडिया ग्रेंड इंटरनेशनल-2017 टाइटल से नवाजा गया है। आगामी अक्तूबर माह में वियतनाम में होने वाली मिस ग्रेंड इंटरनेशनल प्रतियोगिता-2017 में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस प्रतियोगिता में विश्व के 140 देशों की सुदंरिया हिस्सा लेगी। अपने स्वागत से गदगद अनुकृति ने कहा कि उसे उत्तराखंडी होने पर गर्व है। उत्तराखंड की संस्कृति और गौरव को वह विश्व पटल पर पहचान दिलाने के लिए भरसक प्रयास करेंगी। इस मौके पर अनुकृति ने गढ़वाली और कुमाऊंनी गीत गाकर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इससे पूर्व अनुकृति गुसाईं का कोटद्वार में स्कूली बच्चों, विभिन्न संगठनों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। गढ़वाल सभा की ओर से पारंपरिक वाद्य यंत्रों से अनुकृति का स्वागत किया गया।
पर्यावरण मंत्री ने किया स्वागत
anukriti
प्रेक्षागृह में अनुकृति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि मिस इंडिया ग्रेंड इंटरनेशनल बनकर अनुकृति गुसाईं ने पूरे देश में उत्तराखंड और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। बलूनी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज समेत सैकड़ों बच्चों ने फूलों के साथ उनका स्वागत किया।
इस मौके पर पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, पूर्व ब्लाक प्रमुख भुवनेश खरक्वाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान, सतीश गौड़, शोभा भंडारी, सुरेंद्र गुसाईं, डू समथिंग सोसाइटी के अध्यक्ष मयंक प्रकाश कोठारी, काशीरामपुर की ग्राम प्रधान सुनीता देवी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील गोयल, आशुतोष तिवारी, शशि नैनवाल
विनीता भट्ट, रंजना रावत, पंकज भाटिया, धीरेंद्र चौहान, ममता देवरानी, किरन काला, विवेक अग्रवाल, रानी नेगी, कांति तिवारी, वन मंत्री के निजी प्रेस सचिव चंद्रमोहन जदली, पुलिस क्षेत्राधिकारी जोधराम जोशी, उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यूएस जिमिवाल समेत कई लोग उपस्थित रहे।