मोहब्बेवाला में शनिवार सुबह फिर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों को ट्रक का हिस्सा काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। दुर्घटना के कारण यातायात बाधित होने से लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब सात बजे आशारोड़ी की ओर से आ रहे सीमेंट से लदे ट्रक ने होटल शिवा कॉन्टिनेंटल के पास यू-टर्न ले रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक घायल हो गया जिसे तुरंत 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा टकराया। इससे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक जुनैद निवासी गाजियाबाद केबिन में फंस गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। चालक को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी और दो हाइड्रा मशीनों की मदद ली गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद ट्रक का हिस्सा काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के कारण मोहब्बेवाला क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात चालू करवाया गया।