उर्मिला सनावर आज हरिद्वार में एसआईटी प्रभारी के सामने पेश हो सकती हैं। इस पूछताछ में दोनों प्राथमिकी (नेहरू कॉलोनी और डालनवाला में दर्ज) के विवेचना अधिकारी शामिल रहे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उर्मिला को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उर्मिला ने दोनों जांच अधिकारियों को सुरेश राठौर और उनके बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप दी हैं। इसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। एसएसपी ने बताया कि उर्मिला ने अपनी सुरक्षा के संबंध में जो प्रार्थनापत्र दिया था उस पर एलआईयू से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। बता दें कि एक के बाद एक चार प्राथमिकी दर्ज होने पर उर्मिला एकाएक शांत हो गई थीं। उन्होंने अपना फोन भी स्विच ऑफ कर लिया था। मंगलवार को उनकी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट अचानक वायरल होने लगी।
उर्मिला ने लिखा था कि वह उत्तराखंड आ रही हैं और अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित साक्ष्य एसआईटी को उपलब्ध कराएंगी। उर्मिला स्वामी दर्शन भारती के साथ मंगलवार रात करीब नौ बजे देहरादून पहुंची थीं। यहां कई स्थानों पर उनसे मीडिया ने भी संपर्क किया। सूत्रों के अनुसार सुबह होते ही उर्मिला को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उर्मिला से इस मामले के संबंध में कई सवाल किए गए। उनके पास जो ऑडियो-वीडियो हैं उनकी कॉपी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।