- पशु प्रदर्शनी में पशुपालकों को दी योजनाओं की जानकारी
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। पशुपालन विभाग के माध्यम से ग्राम पंचायत बादामावाला के छोटूवाला में पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान पशुपालक किसानों को सरकार के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। पशु प्रदर्शनी में स्थानीय पशुपालक अंजु व सुभाष की गाय और आवेश की बछिया को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पशु प्रदर्शनी में विकासनगर के पशु चिकित्सा अधिकारी एसके गुप्ता ने विभाग के स्तर से संचालित की जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालकों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। इसके साथ ही डॉ. मंजीत सिंह ने मुख्यमंत्री पशुधन मिशन व पशुधन बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को सरकार के माध्यम से संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी हासिल करके उनका लाभ उठाना चाहिए।
पशु प्रदर्शनी में गाय क्रॉसब्रीड वर्ग में छोटूवाला निवासी अंजु देवी को प्रथम व गाय देसी वर्ग में छोटूवाला निवासी सुभाष चौहान को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार से बछिया वर्ग में छोटूवाला निवासी आवेश को प्रथम स्थान मिला। पशुपालकों को पशुपालन विभाग की ओर से पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। पशु प्रदर्शनी कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उम्मेद सिंह चौहान ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए पशुपालन विभाग का आभार जताया।
इस अवसर पर हरबर्टपुर के पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. रजनीश पांडेय, डॉ. रविकुमार, डॉ. नरेंद्र लाल, डॉ. उमेश मौर्य, मोहित शर्मा, लोकेंद्र जोशी, सुनील डिमरी, नरेंद्र शर्मा, सत्येंद्र नेगी, दीपक कुमार, मालती भट्ट, रीना चौहान आदि उपस्थित रहे।