प्रदेश में अब वन्यजीवों को रेस्क्यू करना त्वरित होगा। राज्य स्थापना दिवस पर सीएम विजय बहुगुणा ने अपने आवास से कैंपा मद से तैयार दो वैनों को रवाना किया। एक वैन को कुमाऊं और दूसरी को गढ़वाल के चमोली में भेजा गया है।
गुलदारों को पकड़ने में कारगर होंगी वैन
प्रमुख वन संरक्षक डा. आरबीएस रावत ने बताया कि चमोली, अल्मोड़ा और आसपास के जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदारों के घुसने पर ये वैन कारगर साबित होंगी। इन वाहनों की मदद से गुलदारों को पकड़ा जाएगा। बताया कि अभी प्रयोग के तौर पर वैन भेजी गई हैं, कामयाबी पर अन्य जिलों में भी ऐसी वैनों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष कम किया जा सकेगा।
इसके अलावा वाहन में घायल वन्यजीवों के उपचार की भी व्यवस्था रहेगी। इस मौके पर मुख्य वन संरक्षक प्रशासन मुनीष मोलिक, मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल गंभीर सिंह, वन संरक्षक शिवालिक एसवी शर्मा, प्रभागीय वन अधिकारी देहरादून सुशांत पटनायक आदि मौजूद रहे।
वैन में ये सुविधाएं और उपकरण
पिंजरा, जाल, दस्ताने, इमरजेंसी लाइट, सुरक्षित कपड़े, ड्राइवर के अलावा तीन कर्मचारी, एक पशु चिकित्सक और प्राथमिक उपचार की दवाएं।