- विकासनगर ब्लॉक कार्यालय में चकराता, कालसी और विकासनगर की कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। क्षेत्र में मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर सोमवार को ब्लॉक कार्यालय में चकराता, कालसी और विकासनगर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मांगें पूरी नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी दी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन अध्यक्ष अंजुल गुप्ता ने बताया कि विकासनगर ब्लॉक में 247 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और करीब 230 सहायिकाएं एसआईआर, टीएचआर और जनगणना का कार्य पूरी ईमानदारी से कर रही हैं। उन्होंने मेहनत और लगन को देखते हुए मानदेय 24 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता देवी के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने कहा है कि लंबे समय से मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर राशि देने की मांग की जा रही है। लेकिन मांगों पर निर्णय न होने से उनमें रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंगनबाड़ी कार्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन तेज किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में रीता, अर्चना, सुनीता, निराज समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।