मानदेय बढ़ाने समेत कई सूत्री मांगों के समर्थन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सेविका/मिनी कर्मचरी संगठन के बैनर तले विकासनगर बाजार में रैली निकाली।
ब्लॉक मुख्यालय से शुरू हुई रैली मंडी चौक, गीता भवन, सहारनपुर बस स्टैंड, आर्य समाज चौक, पहाड़ी गली, सिनेमा गली, अस्पताल रोड, एक्सचेंज रोड होते हुए डाकपत्थर तिराहे पर पहुंच संपन्न हुई। कार्यकत्रियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
ब्लॉक अध्यक्ष संध्या नेगी ने कहा कि वर्तमान में सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के साथ ही कई अन्य कार्य भी ले रही है। जिसकी एवज में उन्हें मात्र 7500 रुपये का मानदेय दिया जा रहा है जबकि, कार्यकर्ता 18 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग कर रहे हैं। लंबे समय से आंदोलन चलने के बावजूद प्रदेश सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। जिसको देखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के केंद्रों के संचालन के अतिरिक्त अन्य सभी कार्यों से विरक्त होने का फैसला लिया है। जिलाध्यक्ष पिंकी ने मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपना मोबाइल डाटा बंद कर दिया है। जिसके चलते बाल विकास परियोजना की सभी सेवाएं ठप हो चुकी हैं।
रैली में अर्चना, इंदरा, ऊषा शाह, नंदनी, रजनी, अंजुल गुप्ता, सुंदरी देवी, उमा, शशि, विनोद बाला, सोनू, दीपा, सुलोचना, टीना थापा, अंजू, राधा शर्मा, ममता, सुधा, बरखा, रेखा देवी, सोनम, राजबाला, जयवंती, गंगा देवी, कांता, राखी राठौर, हेमलता, रमा देवी, ममता रानी, नसीमा, अनवरी, कुंता, बाला देवी, अंजना, मीरा देवी, अंजना पाल, उमेश रानी शामिल रहे।