विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कुंजा ग्रांट गांव में जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर आठ माह की गर्भवती महिला समेत परिवार की महिलाओं और एक बच्चे से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने गांव के ही रहने वाले कामिल उसके बेटे समीर, अरशद, सामिल, हसीन और आदिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि हमले में गर्भवती महिला को नुकसान पहुंचाने की नीयत से धक्का दिया गया।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार, रुकसाना ने शिकायत में कहा कि परिवार का भूमि के मामले में लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस संबंध में पहले राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में भूमि पर तारबाड़ भी कराई गई थी। आरोप है कि 11 जून की शाम करीब आठ बजे जब घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था, तभी आरोपी घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने उन्हें, उनकी बहू गुलिस्ता, बेटी रुखसार और 10 वर्षीय पोते पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया। मारपीट में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और पोता भी घायल हुआ। उनकी बहू गुलिस्ता, जो आठ माह की गर्भवती है, उसे गर्भावस्था को नुकसान पहुंचाने की नीयत से जोर से धक्का देकर गिरा दिया गया। आरोपियों ने बेटी का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। बाद में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार हुआ। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।