जालसाजों ने जमीन का सौदा कर एक बुजुर्ग महिला से 10.50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने रजिस्ट्री से पहले यह रकम एडवांस ली और फिर लंबे समय तक रजिस्ट्री नहीं कराई। इसके बाद अपने ठिकानों से गायब हो गए। अब इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ठगी का शिकार 77 वर्ष की महिला सुमित्रा भट्ट निवासी मित्रलोक कॉलोनी बल्लूपुर हुई हैं। उनके पति जनार्दन प्रसाद भट्ट ने एक्साइड लाइफ इंश्योरेंस में एक बीमा पालिसी कराई थी। इसके लिए वह बीमा कंपनी के शाखा प्रबंधक अर्पण ममगईं से मिलते रहते थे। अर्पण ने उनका संपर्क मोहनपुर प्रेमनगर के रहने वाले सुनील कोटनाला से कराया। उसने शीशमबाड़ा में एक जमीन दिलाने की बात कही। जमीन भट्ट को पसंद आ गई और उन्होंने कोटनाला को 10.50 लाख रुपये एडवांस दे दिए। उस वक्त अनुबंध हुआ कि जमीन की रजिस्ट्री एक वर्ष के भीतर कर दी जाएगी।
लेकिन, उन्होंने एक साल तक भी रजिस्ट्री नहीं कराई। इसके बाद भी वह चक्कर कटवाता रहा। वह लंबे समय तक पीड़ित पक्ष को चक्कर कटवाता रहा। इसके बाद आरोपी अपने फोन नंबर बंद कर पते गायब हो गया। इस पर परेशान होकर सुमित्रा ने एसएसपी को शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर मामले में पटेलनगर पुलिस ने सुनील कोटनाला, बाला कोटनाला और उपेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।