मामला मंत्रिमंडल विस्तार का हो, दायित्व बांटने का या फिर कुछ और। पद तभी भरा जाए जब उसके लिए योग्य व्यक्ति उपलब्ध हो। दो दिन के अपने प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इस बाबत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को साफ तौर पर हिदायत दी है। इसके अलावा संगठन को अगले तीन माह में दो लाख नए सदस्य बनाने के लिए भी कहा है।
अमित शाह की नाराजगी उस वक्त पनपी जब बीते मंगलवार को वे जिला कार्यालय प्रकल्प, स्वच्छता अभियान प्रकल्प, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकल्प, नमामि गंगे प्रकल्प, सदस्यता अभियान प्रकल्प समेत दस प्रकल्पों की बैठक में उपस्थित हुए। संगठन से जुड़े लोगों की मानें तो यहां प्रकल्प प्रमुखों की नियुक्ति शाह को रास न आई। इस स्थिति पर असंतोष जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसे एक बानगी की तरह बताते हुए मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही दायित्वों आदि को लेकर बेहद सक्रियता बरतने को कहा है।
उन्होंने साफ तौर पर योग्य व्यक्ति को ही महत्वपूर्ण पद देने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए गणित भी समझाई। मौजूदा वक्त में भाजपा के करीब 16 लाख सदस्य हैं, जिनमें से 11 लाख सत्यापित पाए गए हैं। शाह ने अगले तीन माह में दो लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य सौंपते हुए कहा कि यदि प्रत्येक सदस्य केवल तीन वोट जुटाता है, तो ऐसे में उत्तराखंड के कुल 70 लाख वोटरों में पचास फीसदी से ज्यादा भाजपा को मिलेंगे।
इसके लिए उन्होंने धरातल पर संगठन मजबूत करने की सलाह दी है। इसके अतिरिक्त शाह ने पार्टी के पदाधिकारियों और विधायकों के सहकारिता में रुचि न लिए जाने की बात भी कही। प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समितियां (पैक्स) में ज्यादा से ज्यादा पदाधिकारी भाजपा के हों, यह सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसके अलावा पैक्स समितियों के सदस्यों तक पकड़ रखी जाए। सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा सक्रिय रहने और रखने का मंत्र भी अमित शाह ने मुख्यमंत्री को दिया। कहा कि केंद्र और राज्य के फैसलों और योजनाओं के प्रचार के लिए इस माध्यम को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
पचास रुपये भी लें तो भी लें चेक से
अमित शाह ने पार्टी के खाते में लेनदेन के लिए कैश यानी नकद को पूरी तरह प्रतिबंधित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे में पार्टी को इस पर पूरी तरह अमल करना बेहद आवश्यक है। सदस्यता शुल्क से लेकर चंदा आदि किसी भी सूरत में नकद न स्वीकार करने के लिए शाह ने मुख्यमंत्री से कहा।
योग्य व्यक्ति को ही महत्वपूर्ण पद पर बैठाने की बात राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कही है। इसे पूरी तरह अमल में लाया जाएगा। सदस्यों की संख्या भी तेजी से बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान जल्द शुरू होगा। सरकार अब सोशल मीडिया पर और अधिक सक्रिय होगी।
-त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री (उत्तराखंड)