अलकापुरी ग्लेशियर में दो दिन से फंसे एक अमेरिकी पर्यटक को आईटीबीपी के दल ने रेस्क्यू किया। दल ने पर्यटक को माणा गांव स्थित एसडीआरएफ की टीम को सौंप दिया।
पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) औली के प्रशिक्षणार्थियों का इन दिनों बसुधारा (माणा) ग्लेशियर में प्रशिक्षण चल रहा है। प्रशिक्षण के दौरान शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब जवान बसुधारा से कुछ दूर गए तो उन्हें अलकापुरी ग्लेशियर के समीप एक व्यक्ति दिखा। दल संस्थान के सहायक सेनानी नरेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में कठिन परिस्थितियों में उस व्यक्ति तक पहुंचा।
पर्यटक ने जवानों को बताया कि नाम जेफरी कीम (55) है और वह अमेरिका का रहने वाला है। वह यहां कुद सदस्यों के साथ पैदल ट्रेकिंग पर आया था। मौसम खराब होने के कारण रास्ता भटक गया और अलकापुरी ग्लेशियर तक पहुंच गया। उसने बताया कि वह दो दिन से भूखा है। तब जवानों ने पर्यटक को खाना खिलाया और रेस्क्यू कर उसे सकुशल माणा गांव पहुंचाया। जवानों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और पर्यटक को मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम को सौंप दिया।