उत्तराखंड के चंपावत में पासपोर्ट और वीजा के बगैर नेपाल से बनबसा के रास्ते भारत आने की दोषी पाकिस्तान मूल की अमेरिकी नागरिक फरीदा मलिक की सजा माफ करने को लेकर अमेरिका की एंबेसी (दूतावास) सक्रिय हो गई है। यूएसए के राजदूत केनेथ आई जस्टर ने फरीदा की सजा माफ करने की अपील करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
बता दें कि पिछले साल 12 जुलाई को बनबसा चेकपोस्ट से काठमांडू से बनबसा आते वक्त फरीदा मलिक (50) नामक पाकिस्तानी मूल की यूएसए नागरिक को इमिग्रेशन अधिकारियों ने पकड़ा था। उन पर पासपोर्ट व वीजा के बगैर भारत में प्रवेश करने का आरोप लगा था। इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार ने पांच मार्च को फरीदा मलिक को चार वर्ष की सश्रम करावास की सजा और 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। अलबत्ता 21 अप्रैल को उन्हें जिला एवं सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई।