देहरादून। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान होने वाले हादसों के घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके इसके लिए 108 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट पर रखा गया है। शासन, स्वास्थ्य महानिदेशालय के निर्देश पर पूरे राज्य में 272 एंबुलेंस की तैनाती की गई है।
राजधानी दून में घंटाघर, सर्वे चौक, जाखन, किशननगर चौक, चकराता रोड, रायपुर, बल्लूपुर, बल्लीवाला, प्रेमनगर, रेस कोर्स, आईएसबीटी, हरिद्वार बाइपास, शिमला बाईपास समेत दो दर्जन से अधिक स्थानों पर 24 घंटे एंबुलेंस की तैनाती की गई है। एंबुलेंस सेवा के महाप्रबंधक अनिल शर्मा ने बताया कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी के चलते घायलों के साथ ही गर्भवती महिलाओं को दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके इसके लिए पूरे राज्य में 272 तैनात किया गया है। देहरादून स्थित केंद्रीय काल सेंटर को जानकारी मिलने के साथ ही एंबुलेंसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। सेवा में किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए दीपावली के दिन भी तमाम एंबुलेंस कर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। पिछले साल धनतेरस से लेकर दीपावली तक सामान्य दिनों की तुलना में बहुत अधिक आपातकालीन सूचनाएं मिलने के कारण इस बार अधिक सतर्कता बरती जा रही है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 78 एंबुलेंस को रिजर्व में रखा गया है। खुशियों की सवारी सेवा को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।