बांदल घाटी के सरखेत गांव में आज से अमर उजालेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत कई गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुरोध पर अमर उजाला ने सरखेत में मंदिर और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया है। इसके लिए ग्राम पंचायत ने भूमि उपलब्ध कराई है। मंदिर में मूर्तियां उपलब्ध कराने में डॉल्फिन इंस्टीट्यूट के चेयरमैन अरविंद गुप्ता ने सहयोग दिया है। वहीं, सामुदायिक भवन का निर्माण मसूरी विधायक गणेश जोशी ने अपनी विधायक निधि से करवाया है।
यह सामुदायिक भवन ग्रामीणों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। 23 अप्रैल को मंदिर के पटोद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और अन्य अतिथि बांदल घाटी के ताछिला में अमर उजाला की ओर से बनाए गए पुल का लोकार्पण भी करेंगे।
ताछिला काफी अधिक ऊंचाई पर बसा गांव है। गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को काफी नीचे जाकर बांदल नदी को पार करना पड़ता था। पक्का पुल न होने के चलते ग्रामीण यहां लकड़ी का पुल बनाते थे, जो हर साल बरसात के दौरान बह जाता था। ग्रामीणों के अनुरोध पर अमर उजाला फाउंडेशन ने डीआरडीओ की तकनीक पर आधारित पक्के पुल का निर्माण किया है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों को मिलेगा।
वर्ष भर होती हैं गतिविधियां
अमर उजाला फाउंडेशन साल भर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करता है। प्रदेशभर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, बहुद्देश्यीय दिव्यांग सहायता शिविर, एसिड पीड़ितों के मुफ्त ऑपरेशन, मुफ्त दवा बैंक समेत तमाम अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती है। इसका लाभ समाज के हजारों लोगों को मिलता है।
सीएम करेंगे दवा बैंक का उद्घाटन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अमूल्य जीवन विकास चैरिटेबल सोसाइटी और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में खोले गए दवा बैंक का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे। चंद्रबनी में खोले गए इस दवा बैंक से जरूरतमंदों को मुफ्त दवा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, लोग अपने घरों में बची दवाएं भी यहां दान कर सकते हैं। यह दवा चिकित्सकों की सलाह पर जरूरतमंदों को बांटी जाती है।