मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत
- फोटो : AMAR UJALA FILE PHOTO
कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मवीरों के योगदान की प्रशंसा शब्दों में करना मुमकिन नहीं है। ऐसे ही कर्मवीरों के योगदान को सामने लाने के लिए अमर उजाला ने पहल की है। इन कर्मवीरों को ‘अमर उजाला कोरोना कर्मवीर सम्मान’ से नवाजा जाएगा।
यह सम्मान समारोह क्लेमेंटटाउन स्थित ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय के सभागार में 30 जनवरी यानी शनिवार को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बतौर मुख्यमंत्री कोरोना काल में समाज की सेवा करने वाले कर्मवीरों को सम्मानित करेंगे।
इस सम्मान के लिए हर क्षेत्र से उन लोगों को चुना गया है, जो कोरोना के खतरे के बीच अपनी परवाह किए बिना जरूरतमंदों की सेवा में जुटे रहे। यही वे लोग हैं जिनके प्रयासों से हर जरूरतमंद को भोजन मिला और हर बीमार को दवा। इनमें डॉक्टर भी हैं और स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी।
इनमें शिक्षक भी हैं तो सरकारी कर्मचारी भी। ‘अमर उजाला कोरोना कर्मवीर सम्मान’ एक कोशिश है संकट की घड़ी में निस्वार्थ भाव से समाज और जरूरतमंदों की सेवा करने वाले लोगों के प्रयासों को एक पहचान देने की।
4827 स्वास्थ्य कर्मियों ने लगवाई कोरोना वैक्सीन
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने लगी है। गुरुवार को 13 जिलों में 68 बूथों पर 4827 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने वैक्सीन लगवाई है। अब तक 1917 कर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है।
प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाने का अभियान सुचारु रूप से चल रहा है। टीकाकरण अभियान में बूथों की संख्या बढ़ने से वैक्सीन लगवाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या बढ़ रही है।
गुरुवार को एक ही दिन में 4827 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन लगवाई है। अभी तक प्रदेश में वैक्सीन की खुराक लेने वाले स्वास्थ्य कर्मियों में कोई भी गंभीर प्रभाव नहीं मिला है। टीका लगवाने के बाद कर्मचारी घर लौट रहे हैं।