फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला संवाद में बोले एक्सपर्ट्स: बजट में कमाई और खर्च में संतुलन बनाने की कोशिश

Thu, 05 Mar 2020 11:25 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

  • राज्य सरकार के बजट पर अलग-अलग सेक्टर से जुड़े लोगों ने रखी राय, ढांचागत विकास पर फोकस की सराहना
विज्ञापन
अमर उजाला संवाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड सरकार ने बजट में कमाई और खर्च में संतुुलन बनाने की कोशिश की है। ढांचागत विकास, महाकुंभ, राष्ट्रीय खेल और कल्याणकारी योजनाओं के लिए सरकार को लोन की सीमा बढ़ानी पड़ी है। लेकिन, पहली बार सरकार ने करीब 50 करोड़ रुपये के मुनाफे का अनुमान भी जताया है। खेती-किसानी, पशुपालन, ऑर्गेनिक खेती, पेयजल, हेल्थ सेक्टर, सिंचाई, समाज कल्याण, वन-पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पर्यटन, परिवहन व्यवस्था, कौशल विकास व रोजगार सृजन, उद्योग, आपदा प्रबंधन के लिए प्रदेश सरकार ने बजट की पर्याप्त व्यवस्था की है। बृहस्पतिवार को पटेलनगर स्थित कार्यालय में आयोजित संवाद में अलग-अलग सेक्टर से जुड़े एक्सपर्ट्स ने बजट को लेकर अपनी राय साझा की। साथ ही उन्होंने बजट के मजबूत और कमजोर पक्ष सामने रखे। पेश हैं संवाद के प्रमुख अंश... 

विज्ञापन


एक्सपर्ट्स ने एक सुर में कहा कि प्रदेश में ढांचागत विकास पर सरकार का विशेष फोकस है। इसके लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान भी किए गए हैं। स्मार्ट सिटी भी प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। इसके लिए 123 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। महाकुंभ से पहले हरिद्वार में ढांचागत सुविधाएं और अन्य स्थानों पर सड़कों, पुलों के निर्माण और मरम्मत के लिए पैसे की व्यवस्था की गई है। दून-दिल्ली एलिवेटेड रोड के लिए 9500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय खेलों के लिए 90 करोड़ रुपये का प्रावधान राज्य ने अपने स्तर से किया है। उन्होंने कहा कि ढांचागत विकास का राज्य को लंबे समय तक फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उद्योगों की राह सरकार ने कुछ आसान की है। ढांचागत विकास के लिए सरकार को कमाई के साथ बाजार से भी उधार लेना पड़ता है। सरकार की कमाई का ज्यादातर हिस्सा वेतन-पेंशन पर खर्च हो रहा है। इसके चलते सरकार ने 7500 करोड़ का घाटे का बजट दिया है। साथ ही ऋण को भी बढ़ाया है। हालांकि कुंभ समेत अन्य साधनों से सरकार को 42 हजार करोड़ की आय होने का अनुमान है। इनकम से ही अपने खर्चे पूरे करने के साथ सरकार करीब 50 करोड़ तक का मुनाफा कमाने की उम्मीद कर रही है। 
विज्ञापन


कार्यक्रम में ये रहे मौजूद 
संवाद में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालचंद शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, चार्टर्ड अकाउंटेंट रोमल जैन, उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महासचिव अशोक चौधरी, एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चीफ कोच गुरफूल सिंह, भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री चमन कुमार, प्रदेश प्रवक्ता अरुण शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान ने अपने विचार रखे।

विज्ञापन

इन्होंने रखी राय

सरकार ने गेहूं और धान की खरीद के लिए 2300 करोड़ की व्यवस्था की है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राज्य समेकित सहकारी विकास योजना (सहकारी सामूहिक खेती) के लिए भी 100 करोड़ रुपये रखे हैं। दुधारू पशु खरीदने के लिए आसान ऋण, पशुचारा परिवहन योजना और सरकारी व सहकारी चीनी मिलों को लोन के लिए 399 करोड़ की गारंटी जैसे कदमों से किसानों को फायदा मिलेगा। 
सोमदत्त शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (तोमर)

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए सरकार ने 240 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। जबकि किसानों को पिछले करीब तीन साल से भुगतान नहीं किया है। इसके अलावा सरकार ने खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए मौजूदा वित्तीय वर्ष में 500 फार्म मशीनरी बैंक और 800 कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने की घोषणा की है। लेकिन, इन सबका फायदा तब है, जब धरातल पर किसानों को लाभ मिले।
अरुण शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता, भारतीय किसान यूनियन (तोमर)

प्रदेश सरकार ने बजट में करोड़ों रुपये की योजनाओं का सब्जबाग दिखाने का काम किया है। पूरे बजट में प्रदेश की भाजपा सरकार ये नहीं बता पाई कि इन करोड़ों की योजनाओं को पूरा करने के लिए बजट कहां-कहां से आएगा। किसान, व्यापारी, युवा, महिलाओं और बेरोजगारों के लिए सरकार ने बजट में कुछ भी नहीं किया है। सरकार पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। उसे कम करने की योजना भी बजट में नहीं बताई गई है।
लालचंद शर्मा, अध्यक्ष, महानगर कांग्रेस

बजट में सरकार ने सभी वर्गों का पूरा ध्यान रखा है। एमएसएमई सेक्टर केंद्र सरकार की ज्यादातर बड़ी योजनाओं के जरिये उद्योगों के विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। मुद्रा लोन, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप में प्रदेश के विकास की पर्याप्त संभावनाएं हैं। पहाड़ों पर ढांचागत विकास न होने के कारण उद्योग पहाड़ जाने से बचते थे। ढांचागत सुविधाएं जुटने से अब उद्योग आसानी से पहाड़ चढ़ सकेंगे। 
विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा

सर्वेक्षण में आर्थिक सुस्ती की बात सही है। लेकिन, हमें यह भी नहीं भूलना होगा कि पूरा विश्व मंदी की चपेट में है। बजट में आर्थिक सुस्ती को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार ने पीपीपी मोड की तरफ जाने के संकेत दिए हैं। उद्योगों के आने और किसानों का भला होने से ही आर्थिक सुस्ती दूर हो सकती है। मैदान और पहाड़ के विकास के बीच प्रदेश सरकार ने संतुलन बनाने की पूरी कोशिश की है।
रोमल जैन, चार्टर्ड अकाउंटेंट
 
कई पर्वतीय रूटों पर बसें चलाने से रोडवेज को घाटा होता है, जिसे दूर करने के लिए प्रदेश सरकार ने बजट में कई प्रावधान किए हैं। सरकार के इस कदम से नए और कम सवारी वाले रूटों पर बसें चलाना कुुछ आसान हो जाएगा। हम इतने वर्षों में जिला मुख्यालयों पर भी बस अड्डे और वर्कशॉप विकसित नहीं कर पाए हैं। सरकार ने ढांचागत सुविधाओं के विकास के लिए बजट इंतजाम किए हैं, जिसका निगम को फायदा मिलेगा।
अशोक चौधरी, महासचिव, उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन

सरकार ने खेल सुविधाओं की ढांचागत सुविधाओं के लिए बजट देकर अच्छी पहल की है। सुविधाएं जुटने के बाद ही खेल खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए हमें केंद्र सरकार से ज्यादा बजट की मांग करनी चाहिए। हालांकि खेल महाकुंभ के लिए केवल आठ करोड़ रुपये का बजट बहुत कम है। इससे आयोजन तो होता है लेकिन खिलाड़ियों को लंबे समय तक फायदा नहीं मिल पाता।
गुरफूल सिंह, चीफ कोच, एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड

कृषि यंत्रों पर सब्सिडी बढ़ाने का फैसला किसानों के लिए बहुत अच्छा फैसला है। गन्ना किसानों की भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इस वर्ष प्रदेश सरकार ने बजट में कुछ राहत दी है। बैंक गारंटी और चीनी मिलों को पैसे से किसानों का भुगतान समय पर होने की उम्मीद बंधी है। प्रदेश सरकार को बजट देने और योजना लागू करने के बाद उसकी मॉनिटरिंग का सिस्टम मजबूत करना चाहिए। 
चमन कुमार, प्रदेश संगठन मंत्री, भारतीय किसान यूनियन (तोमर)

सरकार बार-बार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए योजनाएं चलाने का दावा कर रही हैं। लेकिन अधिकारी-कर्मचारी इसमें बिल्कुल दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। बजट में भी अच्छे इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश सरकार की मंशा खराब नहीं है। लेकिन अगर योजनाएं ठीक से लागू नहीं होंगी तो जनता को उनका कोई फायदा ही नहीं होगा। इसके लिए सरकार को लगातार योजनाओं की मॉनिटरिंग करने की जरूरत है। -
नरेंद्र सिंह चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (तोमर)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें