फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला मोहल्ला चौपाल: एक छत के नीचे समस्याएं दूर होने से खिले लोगों के चेहरे

Mon, 19 Aug 2019 08:40 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
अमर उजाला मोहल्ला चौपाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अमर उजाला मोहल्ला चौपाल में एक ही छत के नीचे समस्याएं दूर होने से लोगों के चेहरे खिल उठे। यहां नगर निगम, एमडीडीए, जल संस्थान, अमृत, बिजली, समाज कल्याण विभाग, जिला खाद्य आपूर्ति विभाग, वन एवं कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने लोगों ने जनसमस्याएं सुनी। अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण किया गया। क्लेमेंटटाउन रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से टर्नर रोड (अत्री मार्ग) स्थित लवडेल एकेडमी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ा। 

विज्ञापन


नौ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा अन्य समस्याओं के संबंध में जो भी कागजी कार्रवाई अधूरी थी, उसकी जानकारी दी गई। जिससे लोग संतुष्ट दिखे। उनका कहना था कि अमर उजाला मोहल्ला चौपाल के जरिये उनकी समस्याओं का आसानी से समाधान हो गया, अन्यथा वह लंबे समय से विभागों के चक्कर काट रहे थे। क्लेमेंटटाउन रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष कर्नल (रि.) सुरेश त्यागी ने कहा कि अमर उजाला मोहल्ला चौपाल के जरिये लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान करने का बेहतर अवसर मिला है।

सोसायटी के सचिव महेश पांडेय ने कहा कि इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए, ताकि लोगों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे समाधान हो सके। इस दौरान क्लेमेंटटाउन बोर्ड के सभासद ताशिम अली, पार्षद राजेश परमार, कर्नल (रि.) सुरेश त्यागी, सचिव महेश पांडे, कर्नल (रि.) एचएम बड़थ्वाल, डॉ. राजेश मोहन आदि ने भी विचार रखे। इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक चमन गुप्ता, क्लेमेंटटाउन एसओ नरोत्तम बिष्ट आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन


 

स्टॉलों पर उमड़ी भीड़ 

चौपाल के दौरान विभागों के लगे स्टॉल पर लोगों की भीड़ उमड़ी। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन आदि संबंधी परेशानियों का निस्तारण किया गया। आपूर्ति विभाग की अधिकारी ने राशन कार्ड और रसोई गैस से संबंधित शिकायतें सुनकर दूर किया। जल संस्थान के स्टॉल पर पानी की आपूर्ति, बिल आदि, कैंट बोर्ड के स्टॉल पर बोर्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान हुआ। अन्य स्टॉलों पर भी जनसमस्याओं को सुनकर दूर किया गया। 

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उठाया लाभ
चौपाल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें दर्जनों लोगों ने जांच कराई। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से फिजिशियन, पीडियाट्रिक और गाइनोकोलॉजिस्ट डॉक्टरों की टीम ने लोगों की जांच की। शिविर के दौरान बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मेडिसिन विभाग से डॉ. देकृत सिंह, स्त्री एवं प्रसूति विभाग से डॉ. श्वेता सिंह, शिशु रोग विभाग के डॉ. सहज ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। अस्पताल की टीम ने शिविर में पहुंचे लोगों को डेंगू के लक्षणों और बचाव की जानकारी दी। 

पानी की सर्वाधिक शिकायतें 
चौपाल में जल संस्थान संबंधी 30 शिकायतें पहुंची। समाज कल्याण संबंधी 26, नगर निगम संबधी 15, राशन संबधी 14, कैंट बोर्ड क्षेत्र संबंधी चार, समाज कल्याण, अमृत योजना संबंधित छह, एमडीडीए एवं बिजली संबंधी 5-5 शिकायतें चौपाल में अधिकारियों के सामने पहुंची। इनमें से अधिकतर शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि शेष में संबंधित कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद दिक्कत दूर करने का आश्वासन मिला। 

ये अधिकारी रहे मौजूद 
समाज कल्याण विभाग: दीपांकर घिल्ड़ियाल, जिला सहायक समाज कल्याण अधिकारी एवं धर्मलाल प्रधान सहायक। 
अमृत योजना: अमर सिंह जेई एवं शशिभूषण एई। 
एमडीडीए : रनवीर सिंह, जेई।
नगर निगम : राजवीर सिंह इंस्पेक्टर, श्रीराम डोभाल एवं ललित।
जल संस्थान : अरुण नेगी, जेई एवं राजेश अग्रवाल अकाउंटेंट।
बिजली विभाग : विमल कुलियाल, जेई।
आपूर्ति विभाग : कमला रावत, पूर्ति निरीक्षक। 
वन विभाग: एमएस नेगी रेंजर्स एवं रमेश उपाध्याय।

 
विज्ञापन

लोगों की प्रतिक्रिया 

1-इस बार पानी का बिल 300 रुपये ज्यादा आया है। इस संबंध में अधिकारियों से बात की है। उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया है। -योगेश कुमार 
2-क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट है। क्षेत्र के लोग जल संस्थान से इसे दूर करने की मांग कर रहे हैं। चौपाल से दिक्कत दूर होने की उम्मीद है। -विकास कुमार 
3-राशन कार्ड नहीं बन रहा था। अमर उजाला मोहल्ला चौपाल में आकर अब उसमें आने वाला गतिरोध समाप्त हो गया है। -नूर मोहम्मद 
4-आधार कार्ड राशन कार्ड से लिंक नहीं था, कई बार विभाग के चक्कर लगाए पर समाधान नहीं हुआ। चौपाल के जरिये इसका समाधान हुआ।- राजेश्वरी कोठियाल 
5-आकृति विहार में लोगों ने सड़क पर पत्थर रखे हुए हैं, जो दुर्घटनाओं का सबब बने हुए हैं, कैंट के अधिकारियों के सामने समस्या रखी है। -सुरेश शर्मा 
6-लाइन 13 की सड़कें टूटी हुई हैं। बरसात में इनमें जलभराव हो रहा है। जिसके कारण दोपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। -पुष्पा रावत

7-राजीव नगर में नाली नाला में तब्दील हो गई है। बगल में नदी होने के कारण यहां कभी भी हादसा हो सकता है। निगम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। -नविता जायसवाल
8-क्लमेंटटाउन स्थित झील के पास कूड़ा पड़ने से दुर्गंध उठती है, इससे सांस लेना मुश्किल हो गया है। स्ट्रीट लाइट भी नहीं लगी है। -दीक्षा भारती 
9-पिता को वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही थी, अधिकारियों ने फार्म दिया है, उसे भरकर जमा कराना है, इसके बाद पेंशन शुरू हो जाएगी। -मो. जावेद 
10-पेंशन के लिए आया हूं। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेज बताए हैं। चौपाल में आकर काम हो गया है। -नवाब अहमद 
11-लेन-9 में अमृत के तहत अभी तक पेयजल लाइन नहीं पड़ी, जिसके कारण लोग परेशान हैं। जल्द पेयजल लाइन पड़ने का आश्वासन मिला है। -बीएम कंडवाल 
12-क्षेत्र में पेयजल और सीवर लाइन की समस्या है, अमृत योजना के तहत ये कार्य होने हैं। चौपाल के माध्यम से अधिकारियों को समस्या बता दी है। -नसीम बेग 

13-सुभाषनगर कॉलोनी में दयानंद पार्क बनना प्रस्तावित था। लेकिन पार्क नहीं बन पाया है, एमडीडीए के अधिकारियों को इस बाबत जानकारी दी है। -रमेश चंद्र खंतवाल 
14-क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए निर्माण हो रहा है। कई लोग अतिक्रमण भी कर रहे हैं। शिकायत दर्ज करा दी है। अब समाधान होने की उम्मीद है। -डॉ. एसएसएस सरोहा 
15-आकृति विहार, प्रकृति विहार क्षेत्र में बंदरों का आतंक है। वह खेती, किचन गार्डन बर्बाद कर रहे हैं। इनसे निजात का आश्वासन मिला है। -सीएम रायजादा, कर्नल (रि.)
16-बंदर परेशान कर रहे हैं। यह बच्चों को काटकर भाग जाते हैं। वाटर टैंक तोड़ दे रहे हैं। वहीं, आवारा कुत्तों के आतंक से भी लोग परेशान हैं। -धर्मवीर सिंह 
17-सी-19 में विद्युत पोल की स्थिति ठीक नहीं है। कई खंभे झुक गए हैं। यह हादसे का सबब बन सकते हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या बताई है। -सुलोचना नेगी 
18-क्षेत्र में काफी संख्या में पुराने पोल लगे हुए हैं। इन्हें बदलने की जरूरत है। ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना न हो। -सत्येंद्र जुयाल  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें