दिव्यांगों की नाप-जोख के बाद तुरंत कृत्रिम हाथ और पैर बनेंगे। 14 से 16 सितंबर तक आयोजित होने वाले दिव्यांग सहायता शिविर में दिव्यांगों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही उन्हें एक छत के नीचे अन्य कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
गांधी रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित होने वाले शिविर में जयपुर फुट संस्था के सहयोग से कृत्रिम हाथ पैर बनाए जाएंगे। संस्था के विशेषज्ञ मौके पर ही नापजोख कर कृत्रिम हाथ-पैर तैयार करते हैं। एनआईवीएच के सहयोग से व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, बैसाखी, सुनने की मशीन और चश्मे भी प्रदान किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर ही दिव्यांग प्रमाणपत्र और समाज कल्याण विभाग की टीम पेंशन के लिए पंजीकरण करेगी। भारतीय दिव्यांग पुनर्वास विभाग (कानपुर) की ओर से दिव्यांगों के लिए रोजगार, वित्तीय सहायता और कौशल विकास की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य की जांच भी होगी
शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन, ईएनटी, नेत्र रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की टीम मौजूद रहेगी, जो तीनों दिन लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगी। स्वास्थ्य जांच कराने के लिए कोई भी व्यक्ति शिविर में शामिल हो सकता है।
मुफ्त खाने-ठहरने की सुविधा
शिविर में अन्य स्थानों से आने वाले दिव्यांगों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था मुफ्त रहेगी। दिव्यांग के साथ एक तीमारदार के लिए भी निशुल्क भोजन और आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
इन नंबरों पर करें संपर्क
अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए रमा गोयल- 8630309340, अमिता गोयल- 8630445188, संजय गर्ग 8077011167 और ऊषा नागलिया 9412056443 पर संपर्क किया जा सकता है।