देहरादून के पवेलियन मैदान में चार नवंबर को होने वाले द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक महोत्सव में कुमाऊं की प्रतिभाओं को भी अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिलेगा।
इसके लिए हल्द्वानी के सिंथिया हायर सेकेंडरी स्कूल में 22 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से डांसिंग, सिंगिंग और ग्रुप डांसिंग के लिए ऑडिशन शुरू होंगे। ऑडिशन के लिए प्रतिभागियों को सुबह नौ बजे से रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसमें चुने जाने वाले प्रतिभागियों को तीन नवंबर को देहरादून में होने वाले मेगा ऑडिशन में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। यहां से चुने गए प्रतिभागी चार नवंबर को प्रदेश के हजारों लोगों के सामने मंच पर लाइव प्रस्तुति देंगे।
उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर चार नवंबर को विकास फाउंडेशन, वरदान और अमर उजाला की ओर से पवेलियन मैदान में आयोजित होने वाले द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान एवं सांस्कृतिक महोत्सव में पद्मश्री बसंती बिष्ट समेत गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी संस्कृति से जुड़े तमाम बड़े प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास नेगी ने बताया कि उनके साथ ऑडिशन के माध्यम से चुने गए चुनिंदा कलाकारों को भी मंच पर प्रस्तुति देने का मौका मिलेगा।
साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को उत्तराखंड उदय सम्मान भी प्रदान किया जाएगा। शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्वरोजगार, खेल, साहित्य, कला एवं शिल्प, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा स्टार्ट अप, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अवॉर्ड, डिजिटल इंडिया अवॉर्ड और पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड के लिए भी आवेदन करना होगा। कार्यक्रम में चार चांद लगाने के लिए पहाड़ी पकवानों के स्टॉल भी रहेंगे, जहां उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों के पकवानों का स्वाद लिया जा सकेगा।
फैशन शो में भी ले सकेंगे हिस्सा
चार नवंबर को आयोजित होने वाले महोत्सव में उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा। वरदान के अध्यक्ष विनोद रावत ने बताया कि इसके लिए तीन नवंबर को देहरादून में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। यहां से चुने जाने वाले प्रतिभागियों को ही चार नवंबर को कार्यक्रम में लाइव परफॉरमेंस का मौका मिलेगा। विजेताओं को आकर्षक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
पेंटिंग प्रतियोगिता में हजारों बच्चे होंगे शामिल
तीन नवंबर को स्कूली बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 100 स्कूलों के 2000 हजार से अधिक बच्चे शामिल होंगे। अलग-अलग विषयों पर बच्चों को अपनी कल्पनाओं के रंग बिखेरने होंगे, जिसके विजेताओं को आकर्षक उपहार और नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बड़ी संख्या में सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को विकास फाउंडेशन, वरदान और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
कैसे करें आवेदन
द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान के लिए विस्तृत बायोडाटा, अब तक किए गए कार्यों व उपलब्धियों का ब्योरा और उनसे जुड़े दस्तावेज लिफाफे में डालकर ‘अमर उजाला कार्यालय, शेड नंबर-2 पटेलनगर, देहरादून, पिन-248001’ के पते पर भेज दें। लिफाफे के ऊपर द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान व आवेदन की कैटेगरी अनिवार्य रूप से लिखे। आवेदन की अंतिम तिथि एक नवंबर 2017 है। किसी भी तरह की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9760757378 पर संपर्क किया जा सकता है।
बॉलीवुड कलाकार भी देंगे प्रस्तुति
नौ नवंबर को अमर उजाला की ओर से आयोजित होने वाले उत्तराखंड उदय कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, गायिका सोनिया आनंद रावत समेत कई बॉलीवुड कलाकार अपनी आवाज का जलवा बिखेरेंगे। सोनिया आनंद रावत हिंदी और गढ़वाली गानों की प्रस्तुति देंगी। विशेष तौर पर आपदा के बाद तैयार किए गए उनके गीत ‘ज्योति रथ बढ़ता चले’ की प्रस्तुति होगी। इसी कार्यक्रम के दौरान इस गीत को लांच किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए निशुल्क पास एक नवंबर के बाद अमर उजाला कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे।