अपराजिता अभियान की शुरुआत करते बाइकर्स
अमर उजाला की मुहिम अपराजिता 100 मिलियन ऑफ स्माइल्स के तहत हल्द्वानी से ‘टू व्हील्स टू फॉर’ बाइकर्स ग्रुप के तीन बाइक सवार भूटान की यात्रा पर निकले हैं। इस दौरान वह रास्ते में महिलाओं और छात्राओं को महिला हिंसा और नारी सशक्तीकरण के प्रति जागरूक भी करेंगे।
रविवार सुबह छह बजे हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहा से रवाना होने से पहले हुई बातचीत में ‘टू व्हील्स टू फॉर’ बाइकर्स ग्रुप के मनीष चौधरी ने बताया कि अमर उजाला ने इस अभियान के जरिए नारी सशक्तीकरण और उन्हें हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक करने की जो पहल की है वह काबिलेतारीफ है। मनीष के साथ भूटान यात्रा पर नैनीताल के चेतन साह और पीयूष बिष्ट भी जा रहे हैं।
चेतन साह ने बताया कि लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर और सिलीगुड़ी के रास्ते भूटान पहुंचेंगे। पीयूष ने बताया कि इस दौरान वहां की संस्कृति के साथ ही महिलाओं की स्थिति के बारे में जानने का प्रयास करेंगे। उत्तराखंड में चल रहे अमर उजाला के अपराजिता मुहिम से भी वहां के लोगों को परिचित कराएंगे। वहां से वापसी नेपाल होते हुए होगी, वहां भी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। रविवार रात साढ़े आठ बजे अयोध्या पहुंचे मनीष ने फोन पर बताया कि कोहरे की वजह से वह ज्यादा दूर नहीं जा सके, उनका इरादा आज रात गोरखपुर पहुंचने का था।
अब सोमवार सुबह छह बजे यहां से आगे के लिए निकलेंगे। मनीष चौधरी पिछले साल जून में अमर उजाला और टू व्हील्स और टू फार की साझा मुहिम पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हिमाचल प्रदेश, लेह लद्दाख की यात्रा पर करीब 6000 किलोमीटर की यात्रा पर जा चुके हैं। इस दौरान उन्होंने दुनिया दूसरे सबसे ऊंचे पास पर अमर उजाला का बैनर भी फहराया था।