रुद्रपुर में बीती 22 मई को कोरोना से चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मां को पहले ही कैंसर ने लील लिया था। इसके बाद अनाथ हुए बच्चों की परवरिश का जिम्मा चाचा संभाल रहे हैं। वार्ड नंबर 30 आदर्श कॉलोनी से एक व्यक्ति ने चाइल्डलाइन को फोन कर सूचना दी कि कॉलोनी में रहने वाले चार बच्चों के पिता आनंदपाल के कोरोना संक्रमित होने के बाद मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में मौत हो गई है।
यह परिवार मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है। आनंदपाल गदरपुर की एक सोलर कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में बनाए कोविड अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। आनंदपाल की 19 साल, 17 साल, 14 साल की तीन बेटियां और 13 साल का एक बेटा है। इन बच्चों की मां दस साल पहले कैंसर होने से गुजर गई थीं। सोमवार को बाल कल्याण समिति ने चारों बच्चों से पूरी जानकारी ली। इसके बाद जिला प्रोबेशन विभाग के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
कोरोना ने पिता को छीना, परिवार में कोई कमाने वाला नहीं
गैरसैंण में लखेड़ी गांव के हरेंद्र सिंह (38) पुत्र भवान सिंह के परिवार की कोरोना ने कमर तोड़ दी है। उनके परिवार में अब कमाने वाला कोई नहीं रह गया है। हरेंद्र की पत्नी नंदी देवी ने बताया उनके पति पूना के एक होटल में काम करते थे। वहां कोरोना संक्रमण बढ़ा तो वह 18 अप्रैल को अपने गांव लखेड़ी आ गए। कुछ दिन बाद उनको बुखार आ गया। उन्होंने गैरसैंण सीएससी में जांच कराई, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। होम आइसोलेशन में रहने के बाद बीती 26 अप्रैल को तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें गोपेश्वर भेजा गया। वहां से 27 तारीख को उन्हें श्रीनगर के बेस अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान 10 मई को सुबह साढ़े चार बजे वहां हरेंद्र सिंह मौत हो गई थी। उनके दो बच्चे हैं। लड़की कक्षा 6 में और लड़का कक्षा 3 में गांव में ही पढ़ रहे है। नंदी देवी ने कहा कि पति की मौत के बाद वह बेसहारा हो गई है। प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। मकान भी पुराना है और अब परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या बच्चों के पालन-पोषण की समस्या आ गई है।
कोरोना की दूसरी लहर ने बड़ी संख्या में लोगों को अपना शिकार बनाया है। कई परिवार ऐसे हैं जिनके सदस्यों के सिर से मुखिया का साया ही छिन गया है। ऐसे में एकल अभिभावक के लिए परिवार का पालन पोषण करना किसी चुनौती से कम नहीं है। दिन प्रति दिन बढ़ता आर्थिक संकट परेशानी को दोगुना कर रहा है। उत्तराखंड में बीते दिनों में कोरोना का प्रकोप चरम पर पहुंच गया था। इसके चलते हर परिवार किसी ना किसी रूप में कोरोना से प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही हैं जिनके घर के कमाने वाले मुखिया को ही कोरोना ने अपना शिकार बना लिया है।
पति से ही चलता था परिवार
चंदननगर निवासी कंचन शर्मा ने बताया कि उनके पड़ोस में कुछ दिनों पहले एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। परिवार में पत्नी और एक नौ साल की बेटी हैं। पति निजी कंपनी में नौकरी करता था, जिसकी कमाई से ही परिवार चलता था। उधर, पत्नी भी बीमार रहती है। ऐसे में बेटी की परवरिश करना महिला के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
बुजुर्ग नानी के सामने तीन बच्चों की परवरिश का संकट
मालसी स्थित पेट्रोल पंप के समीप रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के सामने अपनी बेटी के तीन बच्चों की परवरिश का संकट मंडरा रहा है। मां-बाप के निधन के बाद छह-सात साल के तीन बच्चों की नानी देखरेख कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता ने बताया कि बीते साल दिसंबर में बच्चों की मां का निधन हो गया था। जबकि, कुछ समय से पिता लापता है। ऐसे में बच्चों की परवरिश उनकी नानी कर रही है।