अमर उजाला का कृषि महोत्सव कल 22 सितंबर से होने जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों तक सरकार की योजनाओं समेत कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाना है। 24 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत गुरुकुल नारसन रोड स्थित राजा महेंद्र प्रताप डिग्री कालेज, हरिद्वार में होगी।
महोत्सव में किसानों को कृषि रत्न अवॉर्ड भी दिया जाएगा। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकी के साथ खेती के लिए जरूरी सलाह देंगे।
महोत्सव में नाबार्ड भी सहयोग कर रहा है। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री हरक सिंह रावत शिरकत करेंगे।
सेमिनार और सामान की बिक्री, इनाम भी
महोत्सव में हॉर्टिकल्चर एंड फूड प्रोसेसिंग, पीपीपी, फार्म मैकेनिजेशन और कृषि व्यवसाय में निवेश के अवसर, उत्तराखंड में कृषि क्षेत्र, कृषि ऋण, ग्रामीण बाजार, बायोटेक्नोलॉजी समेत कई विषयों पर सेमिनार कराया जाएगा। महोत्सव में ट्रैक्टर लोन, कृषि लोन, फसल बीमा, मुफ्त मिट्टी जांच भी होगी।
कृषि आधारित तकनीकी फिल्म दिखाने के साथ किसान गोष्ठी और इनामी कृषि प्रश्नोत्तरी आयोजित कराई जाएगी। कृषि उपकरणों, खाद्य, बीज आदि की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी होगी।
कुछ यूं है मनोरंजन का क्रम
22 सितंबर-मैनपाल सिंह रागिनी का प्रोग्राम प्रस्तुत करेंगे।
23 सितंबर-सेठपाल एंड ग्रुप श्रीमंत शांति खेलेराम लोक सांस्कृतिक कला की ओर से रागिनी का प्रोग्राम होगा।
24 सितंबर-नीमा देवी काला पब्लिक स्कूल, मून किंगडम स्कूल, विद्यांचल अकादमी, हिमगिरी एडवांस स्पोर्ट्स स्कूल के बच्चों का रंगारंग कार्यक्रम।