नगर निगम में भाजपा पार्षद एवं जिला योजना समिति की सदस्य कमली भट्ट ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में फर्जी वोटर बनाए जाने की शिकायत की है। शुक्रवार को पार्षद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी से मिलकर इस बारे में शिकायत की।
पार्षद ने आरोप लगाया कि रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ की शह पर बीएलओ फर्जी तरीके से वोटर बना रहे हैं। उधर, विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि भाजपा रायपुर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से पूरी तरह से बौखला गई है। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी पर उतर आई है।
भाजपा पार्षद ने वोटर कार्ड खो जाने पर नया कार्ड बनाने के लिए कोषागार के माध्यम से 25 रुपये जमा करने में हो रही दिक्कत की जानकारी भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दी। चालान की जगह 25 रुपये सीधे बीएलओ के माध्यम से जमा कराने की व्यवस्था की मांग की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में अतुल शर्मा, गणेश सिलमाना, प्रकाश बडोनी, वर्षा बडोनी आदि शामिल रहे।