सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के छरबा गांव निवासी विवाहिता के साथ दहेज के लिए मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उनके पति रामपुर-शंकरपुर निवासी दानिश समद, सास नसमा, ननद आमना और ससुर नथू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पीड़िता के भाई साहिल ने दी तहरीर में कहा है कि उनकी बहन नरगिस का विवाह बीते छह जून को रामपुर-शंकरपुर निवासी दानिश समद के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पता चला कि दानिश नशे का आदी है और बहन के साथ मारपीट करता है। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर भी बहन को प्रताड़ित करने लगा। 10 अगस्त को दानिश, उसकी मां, बहन और पिता ने बहन को जान से मारने की नीयत से जहरीला पदार्थ या तेजाब पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वह करीब 25 दिन तक उपचाराधीन रही। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।