ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। इसके अलावा इस दौरान खुल रहे कुछ निजी स्कूल प्रबंधनों को छुट्टी करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि जनपद में प्राइमरी से लेकर इंटर तक के सरकारी स्कूल में इन दिनों शीतकालीन अवकाश है। जबकि आंगनबाड़ी केंद्र खुल रहे थे। अमर उजाला ने चार जनवरी के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
अमर उजाला की खबर को संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया। इसके अलावा जिलाधिकारी दीपक रावत ने ऐसे स्कूलों में छुट्टी करने के निर्देश दिए थे, जो वर्तमान में खुल रहे थे ।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी स्कूल प्रबंधन ने निर्देशों का पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल के साथ कई स्कूलों के साथ 6 जनवरी से परीक्षाएं शुरू होनी थी। डीएवी के प्रधानाचार्य पीसी पुरोहित ने बताया कि शीतकालीन अवकाश घोषित होने से अब 16 जनवरी से नए शेड्यूल के अनुसार परीक्षाएं कराई जाएंगी।