वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क में अलर्ट घोषित कर चौकसी बढ़ा दी है। उत्तराखंड की सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र में पार्क सीमाओं पर खास नजर रखी जा रही है। 31 दिसंबर और साल के पहले दिन वन क्षेत्रों में जंगली जानवरों के शिकार करने की आशंका रहती है।
राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की चीला और हरिद्वार रेंज को संवेदनशील मानते हुए इन रेंजों में खास नजर रखी जा रही है। इन दोंनो रेजों में वन्य जीवों को सबसे अधिक मूवमेंट देखने को मिलता है।
हरिद्वार रेंज का अधिकतर हिस्सा शहर से लगा हुआ है। ऐसे में इस रेंज में वन्य जीव तस्करों के घुसने की अधिक आशंका रहती है। नए साल पर वन्यजीवों के शिकार को देखते हुए रानीपुर, चीलावाली, बेरीवाड़ा, हरिद्वार, चीला रेंजों में गश्त बढ़ा दी है। राज्य की सीमा से लगी पार्क की सीमाओं पर घुसपैठ को देखते हुए सबसे ज्यादा नजर रखी जा रही है।
हरिद्वार रेंज के रेंजर दिनेश मोहन उनियाल ने बताया कि नए साल को लेकर लंबी दूरी की गश्त बढ़ा दी गई है। शिकारी वन क्षेत्र में न घुसें इसके लिए चार टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें हरिद्वार, हरनोल, रानीपुर और खड़खड़ी क्षेत्र में नजर रखे हैं।