हाल ही में थराली से भाजपा विधायक मंगन लाल शाह की स्वाइन फ्लू से मौत होने के बाद इसके दो और मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.वाईएस थपलियाल ने बताया कि दोनों मरीजों का श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिनमें से महिला की हालत गंभीर है। सीएमओ की ओर से सभी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.वाईएस थपलियाल ने बताया कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में भर्ती लक्खीबाग निवासी 45 वर्षीय महिला और 35 वर्षीय पुरुष में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। सीएमओ ने बताया कि जनपद में पिछले एक साल के भीतर स्वाइन फ्लू के 23 मामले सामने आ चुके हैं।
जबकि इस वर्ष जनवरी से अब तक तीन लोगों में इसकी पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि ऐतिहातन जनपद के सभी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह के प्रकरणों को गंभीरता से लिया जाए। कोई भी मामला सामने आने पर इसकी सूचना तत्काल देने को कहा गया है।