उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने जगद्गुरु आश्रम पहुंचकर जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद लिया। इस दौरान धर्मपाल सिंह और शंकराचार्य महाराज के बीच कई अहम मुद्दों पर वार्ता हुई। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरिद्वार स्थित अलकनंदा होटल को शीघ्र ही उत्तराखंड सौंप दिया जाएगा।
शनिवार को यूपी के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह कनखल स्थित जगद्गुरुआश्रम पहुंचे और ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर प्रकाशानंद महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की और जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद लिया।
सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने उत्तर प्रदेश में नगर निकायों में मिली जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों व जनता को दी गई सुरक्षा का रिजल्ट बताया।
इसके बाद सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने यूपी सिंचाई विभाग की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अलकनंदा होटल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अलकनंदा होटल को शीघ्र ही उत्तराखंड को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने धनौरी से रुड़की तक पुरानी गंगनहर को उत्तराखंड को सौंपने की बात से इंकार किया।
उन्होंने नहरों की सफाई कार्य में हुए घोटाले पर समिति बनाकर जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि नहरों की सफाई के लिए जारी हुए सौ करोड़ रुपये को रोक दिया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार पिछली सरकारों के आधे अधूरे कार्योँ को पूरा कर रही है। मध्य गंगा परियोजना, सरयू नदी परियोजना, केन बेतवा परियोजना, जमरानी बांध आदि को पूरा किया जा रहा है।