वर्षभर शादी का मुहूर्त नहीं निकल पाने वालों के लिए अक्षय मुहूर्त सबसे शुभ मुहूर्त है। यही वजह है कि मंगलवार को अक्षय तृतीया के मौके पर शहरभर में करीब ढाई सौ शादियां हैं। पंडितों से लेकर ब्यूटी पार्लर और वेडिंग प्वाइंट सब बुक हैं।
अक्षय तृतीया को अक्षय फल देने वाला माना जाता है। यही वजह है कि इस दिन लोग अधिक से अधिक शुभ कार्य करते हैं। अक्षय तृतीया के मौके पर शहर में खूब शहनाई बजने वाली है। यह ऐसा दिन है, जिसके लिए कोई मुहूर्त नहीं निकालना पड़ता।
डॉ. आचार्य भरत राम तिवारी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर शादी के लिए काफी समय पहले से ही पंडितों की बुकिंग करा ली गई थी। इस दिन शादियां ज्यादा होने के कारण बाहर से भी साथी पंडितों को यहां बुला लिया गया है।
ब्यूटीशियन राखी मलिक ने बताया की अक्षय तृतीया पर शादी के मेकअप की बुकिंग बहुत ज्यादा है। यही वजह है कि इस दिन किसी भी साथी को छुट्टी लेने के लिए मना कर दिया गया है। वहीं, शहर के वेडिंग प्वाइंट हों या होटल या फिर धर्मशाला, शादियों के लिए सब में बुकिंग फुल है।