पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार को अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म की शूटिंग अचानक रद्द हो गई। शूटिंग के लिए सुबह करीब नौ बजे होटल के नजदीक सेट तैयार कर लिया गया था। करीब आधे घंटे तक सेट लगा रहा और शूटिंग की सभी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन बाद में अचानक सेट हटाने के साथ शूटिंग भी रोक दी गई। हालांकि, आज से शूटिंग शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार उनकी पीठ में खिंचाव आ आया है, जिसके बाद से गेस्ट हाउस में उनका इलाज चल रहा है।
होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके होटल के निकट फिल्म की शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था। सुबह करीब नौ बजे सेट तैयार कर लिया गया था और शूटिंग शुरू होने की तैयारी थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक सेट हटाने का काम शुरू हो गया। इसके बाद शूटिंग नहीं हो सकी। शूटिंग रद्द होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ना बताया जा रहा है।
मसूरी पहुंचने से पहले अभिनेता अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। इस दौरान अक्षय कुमार ने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे से शूटिंग होनी थी और इसके लिए सेट तैयार कर लिया गया था, लेकिन शूटिंग नहीं करने का निर्णय लिए जाने के बाद सेट हटा दिया गया।