सात जिलों से 63,360 युवा करेंगे प्रतिभाग
अग्निपथ भर्ती के लिए 63,360 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि भर्ती के लिए चमोली जिले के 9306, देहरादून के 9148, हरिद्वार के 6812, पौड़ी गढ़वाल के 16330, रुद्रप्रयाग के 6357, टिहरी गढ़वाल के 9784 और उत्तरकाशी जिले के 5623 युवाओं ने अपना पंजीकरण कराया है।
रुद्रप्रयाग तहसील में प्रमाण पत्रों को बनाने में जुटे युवा
अग्निवीर योजना में आगामी महीने होने वाली भर्ती के लिए युवा तहसील स्तरीय प्रमाणपत्र बनाने में जुट गए हैं लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते युवाओं को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
युवा सेना भर्ती के लिए पर्वतीय, स्थायी, जाति, आय व अन्य प्रमाण पत्रों को बनाने के लिए तहसील पहुंचे लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते युवाओं को खासी दिक्कत हो रही है। तहसील मुख्यालय पर सुबह 10 बजे से ही युवाओं की भीड़ जुट गई थी। युवा प्रदीप, नरेश, दिनेश आदि ने बताया कि वह सुबह 9 बजे तहसील पहुंच गए थे लेकिन दोपहर बाद आवेदन प्रपत्र जमा हो पाए। उधर, ऊखीमठ व जखोली में भी यही स्थिति बनी हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष सुमंत तिवारी ने प्रशासन से तहसीलों में युवाओं के सेना भर्ती के लिए जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए अलग से काउंटर स्थापित करने की मांग की है।