चमोली में भूस्खलन से 23 सड़कें बंद
चमोली जिले में बारिश से अभी भी 23 सड़कें बंद पड़ी हैं जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग गोपेश्वर की 7, प्रांतीय खंड कर्णप्रयाग की 8, पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग की 10, पीएमजीएसवाई (लोनिवि) पोखरी की छह सड़कें कई दिनों से बंद हैं। ऐसे में ग्रामीण लंबी दूरी तक जरूरी सामान पीठ पर लादकर ले जा रहे हैं।
ईराणी गांव के पूर्व प्रधान मोहन सिंह नेगी का कहना है कि भूस्खलन से पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त पड़े हैं जिससे आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। वीर गंगा पर पैदल पुलिया बह जाने से और निजमुला सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को करीब 14 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं। बार-बार बारिश होने से सड़कें दोबारा बंद हो रही हैं। सड़कों को शीघ्र सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।