उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही तेज रफ्तार से आंधी चलने के भी आसार हैं। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को भी प्रदेशभर में बादल छाये रह सकते हैं। अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश भी होगी।
वहीं, कुछ इलाकों में भारी मात्रा में ओले गिरने का भी अनुमान है। इसके अलावा कुछ मैदानी क्षेत्रों में तेज रफ्तार से आंधी चल सकती है। 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली आंधी की अधिकतम गति 80 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट है।
उसके बाद भी एक-दो दिन बादल और बारिश का दौर रहेगा। हालांकि इस दौरान कुछ विशेष इलाकों में ही बारिश होगी। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने सोमवार को ही सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए थे।
राजधानी व आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को हुई हल्की बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट आई है। दिनभर बादल छाये रहने और बीच-बीच में हल्की बारिश के बाद दून का अधिकतम तापमान 37 से लुढ़ककर 25.4 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी और उमस से खासी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी हल्की बारिश और बादल छाये रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दूनघाटी में मंगलवार सुबह से ही बादल छाये रहे। सुबह एक से दो दौर की हल्की बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई। लगभग पूरे दिन राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाये रहे। कुछ इलाकों में दोपहर और शाम के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे दून के अधिकतम तापमान में 11.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई। ठंडक बढ़ने से लोगों ने राहत की सांस ली।
चमोली जिले में सुबह से छाए बादल दोपहर बाद बरस पड़े। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर आंशिक बर्फबारी हुई। जोशीमठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, घाट, पोखरी, नंदप्रयाग, गैरसैंण, नारायणबगड़, गौचर, कर्णप्रयाग थराली, देवाल, आदिबदरी, नौटी, नंदासैंण, सिमली, लंगासू, ईडाबधाणी में बारिश हुई।
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम और ऊंची पहाड़ियों पर सुबह आठ बजे शुरू हुई हल्की बर्फबारी अपराह्न तीन बजे तक जारी रही। केदारनाथ में लगभग ढाई इंच तक नई बर्फ जम गई है। निचले क्षेत्रों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। उत्तरकाशी में सुबह से ही रुक-रुक कर शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इससे तापमान में काफी गिरावट आ गई है। जिले का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पछवादून में मंगलवार सुबह हुई हल्की बारिश से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी पड़ रही थी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, पककर तैयार गेहूं की फसल के लिए बारिश नुकसानदायक बताई गई है। वहीं, जौनसार बावर के साहिया, चकराता, कालसी आदि क्षेत्रों में भी गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
कर्णप्रयाग में मौसम हुआ सुहावना
मंगलवार शाम को कर्णप्रयाग, गौचर, गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली, देवाल, आदिबदरी, नौटी, नंदासैंण, सिमली, लंगासू, ईडाबधाणी, सिदोली, बमोथ, जाख, कोली, कुकड़ई आदि कस्बों और गांवों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली। काश्तकारों ने भी बारिश को फसलों और सब्जी उत्पादन के लिए उपयोगी बताया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कोहरा छाने और बारिश आने से हल्की ठंड बढ़ गई है।