निगरानी टीम के सदस्यों के कई दौर के निरीक्षण के बाद बुधवार को जिलाधिकारी स्वयं भी औली पहुंची। उन्होंने औली में विवाह समारोह के लिए उपयोग में लाए गए क्लीप टॉप क्लब, हेलीपैड के आसपास टेंट कॉलोनी में बनाए गए सोकपिट, मजदूरों के लिए बनाए गए अस्थायी शौचालय, औली में विभिन्न स्थलों पर की गई साफ-सफाई का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि औली में विवाह समारोह से पहले और बाद की स्थिति का गहनता के साथ आकलन किया गया है।
अब रिपोर्ट उच्च न्यायालय में पेश की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवाह समारोह के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं पर निगरानी के लिए सौंपे गए दायित्वों की फाइनल रिपोर्ट भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जोशीमठ नगर पालिका द्वारा औली में सफाई कार्य पूरा किए जाने पर डीएम ने संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया, उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेंद्र पांडेय, उप वन संरक्षक टीएस साही, नगर पालिक जोशीमठ के अधिशासी अधिकारी एसपी नौटियाल, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजर सहित निगरानी टीम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।