देहरादून। हरिद्वार-लक्सर के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण के चलते 10 दिनों से ठप ट्रेनों का संचालन बुधवार से दून से शुरू होगा। हालांकि ज्यादार ट्रेनों का संचालन बुधवार सुबह से किया जाएगा। हालांकि मंगलवार को उज्जैनी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। फिलहाल दो ट्रेनों दून-बांद्रा व देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर का संचालन अभी ठप रहेगा।
दून स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल ने बताया कि हरिद्वार-लक्सर के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण के चलते लिया गया ब्लाक समाप्त किए जाने के बाद बुधवार से देहरादून- दिल्ली जनशताब्दी, देहरादून-नई दिल्ली शताब्दी, देहरादून- हावड़ा, उपासना एक्सप्रेस, देहरादून इलाहाबाद लिंक एक्सप्रेस, देहरादून गोरखपुर राप्ती गंगा एक्सप्रेस, देहरादून ओखा उत्तरांचल एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस, देहरादून-मदुरै एक्सप्रेस, देहरादून -कोच्चिवेली एक्सप्रेस, देहरादून-अमृतसर जैसे ट्रेनों का संचालन पूर्व की भांति यथावत होगा। ट्रेनों का संचालन बहाल किए जाने के बाद दीपावली पर घर जाने वाले यूपी, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब या फिर दक्षिण भारत के यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
रेलवे को लगी दो करोड़ रुपये की चपत
रेलवे अधिकारियों की मानें तो पिछले 10 दिन से ट्रेनों का संचालन ठप होने से रेलवे को औसतन दो करोड़ रुपये की चपत लगी है। कारण कि दून रेलवे स्टेशन औसतन प्रतिदिन आरक्षित व सामान्य श्रेणी के टिकटों की बुकिंग पर रेलवे को 20 लाख रुपये की कमायी होती है।