स्वागत के लिए बनाया स्टेडियम का मॉडल
अफगानिस्तान की 17 सदस्यीय क्रिकेट टीम रविवार को दून पहुंची। कोच आंद्रे जेम्स मोल्स के साथ 11 खिलाड़ी व पांच अन्य सदस्य रविवार को दून पहुंच गए हैं। टीम के मुख्य खिलाड़ी मंगलवार देर शाम होटल पहुंचेंगे।
बता दें, आयरलैंड टीम के साथ 21 फरवरी से शुरू होने वाले तीन टी-20, पांच वन डे व एक टेस्ट मैच की शृंखला के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट की 17 सदस्यीय टीम रविवार को दून पहुंची है। प्रेमनगर स्थित एक होटल में सभी खिलाड़ियों का स्वागत होटल के प्रबंधक दिलीप छाबड़ा ने माला पहनाकर किया। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम शाम करीब 4:45 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची।
जहां से खिलाड़ियों को बस से होटल लाया गया। होटल के सेल्स मैनेजर यासिर अराफत ने बताया कि वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड जाने वाले अफगानिस्तान के खिलाड़ियों का पासपोर्ट वेरिफिकेशन दिल्ली में होना है। इसके लिए टीम के कई खिलाड़ी सोमवार तक दिल्ली में रुकेंगे। पासपोर्ट वेरिफिकेशन के बाद खिलाड़ी मंगलवार देर शाम तक होटल पहुंचेंगे।