उत्तराखंड पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और पिटकुल के एमडी के अलावा पिटकुल में दो निदेशकों के पद पर नियुक्ति के लिए संशोधित विज्ञापन जारी कर दिया गया है। आवेदकों से 15 दिन के अंदर आवेदन पत्र मांगा गया है। आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद साक्षात्कार के माध्यम से इन पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
गौरतलब है कि यूपीसीएल के एमडी एसएस यादव के पास पिटकुल के एमडी का भी प्रभार था। जुलाई में यादव को तीन माह का सेवा विस्तार दिया गया और पिटकुल के एमडी का चार्ज उत्तराखंड जल विद्युत निगम के एमडी एसएन वर्मा को सौंप दिया गया।
जुलाई में ही मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग के इन चारों पदों के लिए सेवा नियमावली बनाकर आवेदन पत्र आमंत्रित करने का आदेश दिया था। इसके बाद इन चारों पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। स्क्रूटनी में कोई भी उम्मीदवार निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं कर पाया। इसके बाद फिर से संशोधित विज्ञापन जारी करने का फैसला लिया गया।
प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. उमाकांत पंवार ने बताया कि अब इन पदों पर नियुक्ति के लिए आयु सीमा 58 साल कर दिया गया है। साथ ही डायरेक्टर के पद पर दो साल का अनुभव वाली शर्त में संशोधन किया गया है।