दीपावली के त्योहार को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस और फायर सर्विस के जवान तैयार हैं। सभी पुलिस कर्मियों को दीपावली के मद्देनजर मुस्तैद रहने को कहा गया है। इसके साथ ही बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस के जवान भी तैयार हैं। क्षेत्र को विकासनगर और डाकपत्थर में दो जोन में बांटा गया है। विकासनगर मुख्य बाजार में दमकल की 2400 लीटर क्षमता की एक बड़ी गाड़ी तैनात रहेगी। डाकपत्थर चौकी में एक छोटी गाड़ी रहेगा। पटाखों की दुकानों के पास रेत, बाल्टी और पानी का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर सेलाकुई स्थित फायर स्टेशन की भी मदद ली जाएगी। सेलाकुई फायर ब्रिगेड की दो बड़ी और दो छोटी गाड़ियां किसी भी हादसे से निपटने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही बर्निंग केस से निपटने के लिए सीएचसी विकासनगर में डॉक्टरों की टीम भी तैयार है। सीएचसी प्रभारी डॉ. केके चौहान के अनुसार आपात सेवा में डॉक्टरों की तैनात की गई है। बताया कि बम और पटाखे फोड़ते समय पटाखों की आंखों और मुंह से एक नियत दूरी बनाकर रखनी चाहिए। उधर, कालसी और सहसपुर में भी अस्पताल में लोगों को इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रहेगी।
गुल नहीं होगी बिजली
दीपावली पर्व पर बिजली परेशान न करे इसके लिए यूपीसीएल ने भी कमर कस ली है। अधिकारियों का दावा है कि बिजली की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गएण् हैं। दिवाली में अगले पांच दिनों तक बिजली की खपत एकदम बढ़ जाती है, जिससे लोड बढ़ जाता है। अधिकारियों के अनुसार दिवाली के दिन मांग और पूर्ति का अंतर 25 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। ऐसे में त्योहार के रंग में भंग न पड़े इसके लिए सभी सब स्टेशनों की पावर क्षमता बढ़ाई गईहै। सहायक अभियंता राजपाल सिंह ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर ट्राली ट्रांसफार्मर को रिजर्व में रखा गया है। लाइन ट्रिप होने पर लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं।