सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के छात्र आदित्य सिंह नेगी ने विदेशी धरती पर पदक जीत देश का मान बढ़ाया। चीन के चेंगदू में आयोजित डब्ल्यूएजी बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप में अंडर-15 युगल वर्ग में आदित्य ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि आदित्य की इस उपलब्धि से स्कूल के अन्य शटलर और छात्रों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्कूल हमेशा से पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद को भी बढ़ावा देता रहा है और खेलों में स्कूल के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
बैडमिंटन कोच ओम सिमल्टी ने बताया कि चीन के चेंगदू में आठ से 13 सितंबर तक आयोजित डब्ल्यूएजी बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप में एशिया के कई देशों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। आदित्य ने अपने जोड़ीदार तन्मय वर्मा के साथ क्वार्टर फाइनल में बेहद रोमांचक मुकाबले में चीन की मजबूत जोड़ी वांग चेंग जुंन और झांग रियो अन की जोड़ी को कड़े संघर्ष के बाद 16-14, 12-15, 15-13 के स्कोर से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और भारत के लिए कांस्य पदक पक्का किया।
प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने आदित्य को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है।