स्कूल में ट्यूशन फीस जमा न करने पर माजरा स्थित एक निजी स्कूल पर 12वीं की छात्रा को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। छात्रों की ओर से बाल आयोग और शिक्षा विभाग से इसकी शिकायत की गई है।
विज्ञापन
देहराखास निवासी छात्रा खुशी चौधरी ने शिकायत पत्र में बताया कि वह हिल्टन स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती हैं। उनकी पिछले तीन महीने से फीस जमा नहीं थी। 28 मार्च को जब वह अपने माता-पिता के साथ रिपोर्ट कार्ड लेने गईं तो स्कूल प्रशासन ने रिपोर्ट कार्ड देने से मना कर दिया। स्कूल में फीस मांगी गई। इस पर माता-पिता ने 15 दिन के भीतर फीस जमा करने को कहा। इसके लिए उन्होंने लिखित में पत्र भी दिया था।
खुशी के ताऊ लव चौधरी ने बताया कि बुधवार को जब खुशी स्कूल गईं तो फीस जमा नहीं करने की बात पर स्कूल प्रशासन ने सुबह 7:45 से 10:45 बजे तक ऑफिस में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके माता-पिता को भी बुलाया गया और फीस मांगी गई। जब खुशी स्कूल से घर आई तो बहुत उदास थी और मानसिक रूप से तनाव में थी। इसके बाद उसने घर पर पूरी बात बताई।