पूर्व कैबिनेट मंत्री और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को शिकायती पत्र देकर त्यूणी थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों पर एक सैन्यकर्मी से मारपीट का आरोप लगाया है। इन पर कार्रवाई न होने पर 18 जून को थाने के घेराव की चेतावनी दी है। पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा करने पर सैन्यकर्मी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की थी।
मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव और एसएसपी देहरादून को दिए शिकायती पत्र में विधायक प्रीतम सिंह ने बताया कि त्यूणी के ग्राम रायगी निवासी दीपक थापा भारतीय सेवा में कार्यरत हैं। वह अवकाश पर घर आए हुए हैं। 12 जून की मध्य रात्रि को पुलिस उन्हें झूठे आरोप में उठाकर थाने ले आई। वहां नशे में धुत पुलिसकर्मियों की ओर से सैन्यकर्मी के साथ मारपीट की गई। कहा कि इस तरह की अमानवीय मारपीट स्वीकार्य नहीं है। मारपीट में दीपक थापा बुरी तरह से घायल हो गए हैं। देश की सीमाओं की रक्षा के लिए कार्य करने वाले सैन्यकर्मी के साथ कानून के रक्षकों का इस तरह का अमानवीय व्यवहार कतई न्यायोचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर, प्रकरण में दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो 18 जून को वह स्थानीय जनता के साथ थाने का घेराव करेंगे।
सीओ विकासनगर बीएल शाह ने कहा कि युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस युवक को थाने लेकर आई थी। उस पर पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई थी। आरोपों की जांच की जा रही है।