मां के सामने ही बेटे ने तोड़ दिया दम
चकराता घूमने आए परिवारों की एक गलती उनको जीवन भर का दुख दे गई। सबसे दुखदाई यह था कि एक मां के सामने उसके बेटे ने दम तोड़ दिया। मृतक वंश चावला अपनी मां हेमा चावला और अन्य रिश्तेदारों के साथ चकराता में बर्फ देखने आया था। बर्फ के दीदार की उनकी इच्छा भी पूरी हो गई। उन्होंने बर्फबारी के बीच जमकर मौज मस्ती भी की, लेकिन वापसी के दौरान चलती कार में रील बनाने की एक चूक ने एक मां को जिंदगी भर का दर्द दे दिया। थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया शुक्रवार देर शाम से ही चकराता की और जाने वाले वाहनों को कालसी में रोकना शुरू कर दिया गया था। शनिवार को भी शाम पांच बजे से सुबह छह बजे तक वाहनों को रोका जा रहा था। रविवार को वाहनों की संख्या कम हो गई थी, इसलिए वाहनों को रोका नहीं गया। उन्होंने पर्यटकों से यातायात नियमों के पालन की अपील की। कहा पर्यटक वाहन चलाते हुए रील, वीडियो न बनाएं, फोटो भी न खींचे और फोन पर बात न करें, ये दुर्घटना के कारण बन सकते हैं।