गर्जिया मंदिर में भंडारा कर घर लौट रहे शाहबाद रामपुर निवासी श्रद्धालुओं का छोटा हाथी वाहन बसई गांव के पास बस की चपेट में आ गया। हादसे में शाहबाद निवासी एक श्रद्धालु समेत काशीपुर निवासी छोटा हाथी चालक की मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।
तहसील शाहबाद जिला रामपुर यूपी के ग्राम मधुपुरी निवासी चौधरी रामकुमार की पत्नी ने कुछ साल पहले गर्जिया मंदिर में आकर मन्नतमांगी थी। मुराद पूरी होने पर सोमवार को परिजन गर्जिया मंदिर में भंडारा करने कई वाहनों से सपरिवार आए थे।
उन्होंने काशीपुर से टेंट, हलवाई समेत छोटा हाथी भी बुक कराया था। मंदिर में पूजा और भंडारे के बाद दोपहर में वह घर वापस लौट रहे थे। उनका छोटा हाथी वाहन (यूके 18 सीए 1715) एनएच 121 पर बसई गांव के पास पहुंचा ही था कि वाहन काशीपुर से आ रही प्राइवेट बस यूके 04पीए1073 की चपेट में आ गया।
हादसे में काशीपुर की लोकजीत कॉलोनी महेशपुरा निवासी छोटा हाथी चालक रमेश कश्यप (38) पुत्र रामभरोसे और उसके साथ बैठे मधुपुरी शाहबाद निवासी श्रद्धालु चौधरी रामकुमार (54) पुत्र श्याम सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि काशीपुर निवासी प्रेम चंद्र और वीर सिंह घायल हो गए।
सभी को निजी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए। हादसे का कारण बनी बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। बस के यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।