चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति के कोषाध्यक्ष डा. अमर सिंह अहियान के साथ रोडवेज बस चालक और परिचालक द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस बाबत संबंधित विभाग शिकायत मिलने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में टालमटोल कर रहा है। आंदोलनकारियों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
राज्य आंदोलनकारी डा. अहियान बीते सोमवार को रोडवेजबस में सवार होकर रुड़की से ऋषिकेश आ रहे थे। आरोप है कि इस बीच बस चालक और परिचालक ने उनके साथ धक्कामुक्की और अभद्रता की। बताया कि ऋषिकेश पहुंचकर उन्होंने परिवहन विभाग के सहायक महाप्रबंधक से इसकी शिकायत की थी। जिस पर एजीएम ने उन्हें मंगलवार को वार्ता के लिए बुलाया।
आरोप है कि वार्ता के लिए बुलाने वाले अधिकारी खुद ही वार्ता से नदारद रहे। आंदोलनकारियों ने विभाग के रवैये पर रोष जताया और परिवहन मंत्री से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर आरोपी चालक-परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामला संज्ञान में नहीं था
इस संबंध में रोडवेज के एजीएम प्रतीक जैन से संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर उनका मोबइल फोन स्विच ऑफ था। उधर विभाग के महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। कहा कि यदि चालक-परिचालक ने राज्य आंदोलनकारी से अभद्रता की है तो, विभाग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाएगा।