धनतेरस पर महंगाई को धता बताते हुए शहरवासियों ने बाजार पर जमकर धनवर्षा की। पिछले साल की तुलना में इस बार धनतेरस के कारोबार में कई गुना इजाफा हुआ है। एक अनुमान के मुताबिक, देहरादून में शनिवार को ढाई से 300 करोड़ तक का कारोबार हुआ। इस बार धनतेरस दो दिन मनाई जा रही है। लिहाजा आज यह आंकड़ा बढ़कर करीब 500 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।
धनतेरस के साथ ही शनिवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो गई। हालांकि, मुख्य रूप से धनतेरस का पर्व आज मनाया जाएगा। इसके मद्देनजर दुकानदारों ने दुकानों को खास तौर से सजाया है। धनतेरस पर सुबह से ही बाजारों में लोगों की चहलपहल दिखाई दी। इससे दुकानदारों के चेहरे खिले दिखाई दिए। लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, गहने, वाहन, पटाखे, खील-बतासे, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों और बर्तनों की जमकर खरीदारी की।
टीवी, फ्रिज, एलइडी, गीजर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खूब बिक्री हुई। लोगों ने आकर्षक ऑफर का भी लाभ उठाया। पलटन बाजार, हनुमान चौक, झंडा बाजार, धामावाला में सुबह से देर रात तक लोग खरीदारी करते नजर आए। दून वैली महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसॉन के अनुसार धनतेरस पर पहले 300 करोड़ के आसपास का कारोबार हुआ।