देहरादून। युवा आह्वान संस्था की ओर से डिबेटर ऑफ उत्तराखंड 3.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दून लाइब्रेरी व शोध केंद्र में आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने समसामयिक विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में निर्धारित विषय पर प्रथम पक्ष की ओर से अभिनव बंसल और विपक्ष की ओर से वंशिका ठाकुर ने अपने विचार व तर्क प्रस्तुत किए। दोनों प्रतिभागियों ने विषय के विभिन्न पहलुओं को तथ्यों, तर्कों और अपने दृष्टिकोण के साथ शानदार तरीके से प्रस्तुत कर पहला स्थान प्राप्त किया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रमेंद्र मंद्रवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. सर्वेश सुयाल व वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी मनोज ध्यानी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति की क्षमता, संवाद की संस्कृति और लोकतांत्रिक विमर्श को बढ़ावा देना था। इसमें उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस मौके पर रोहित ध्यानी, सौरभ ममगाई, ईश्वर बिष्ट, प्रशांत बडोनी, रितू गुजराल, डॉ. कमल मिश्रा आदि मौजूद रहे।