फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधार के लिए नगर निगम में उमड़ा सैलाब

Fri, 05 Dec 2014 04:26 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
शुक्रवार को आधार कार्ड के संबंध में पार्षदों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। फॉर्म के लिए नगर निगम में दोपहर तक लंबी लाइन लगी रही। शुक्रवार को 3000 के करीब आधार कार्ड के फॉर्म बंटे।
विज्ञापन


फॉर्म काउंटर बंद करने पर सिक्योरिटी गार्ड से लोग उलझ गए। इतना ही नहीं महिलाओं ने भी हंगामा किया। आधार कार्ड प्रक्रिया के बारे में जानने के लिए एडीएम ने एंजेसी वालों को बुलाया।

उधर, देहरादून में करीब 20 हजार लोगों का आधार अधर में लटक गया है। इन लोगों ने पिछले साल फॉर्म भरा था, लेकिन उनका कार्ड अब तक नहीं आया है। ऐसे लोग फॉर्म भरने से पहले वेबसाइट पर स्टेटस पता कर लें। जिनका कार्ड बन चुका हो, उन्हें पता चल जाएगा।
विज्ञापन


दोबारा फॉर्म भरने पर रिजेक्ट हो जाएंगे फॉर्म
दरअसल आधार कार्ड बनाने में व्यक्ति की रेटिना का मार्क लिया जाता है। जिनका मार्क नेट पर होगा, कंप्यूटर उसे दोबारा स्वीकार नहीं करेगा। ऐसे में दोबारा फॉर्म भरने पर फॉर्म रिजेक्ट हो जाएंगे।

आधार प्रोजेक्ट अधिकारियों के मुताबिक दुनिया में हर व्यक्ति का रेटिना मार्क अलग होता है। वेबसाइट पर अगर किसी के आधार कार्ड की सूचना नहीं है तो वह दोबारा फॉर्म भर सकता है।

क्लेमेंटटाउन रेजीडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी महासचिव महेश पांडेय ने बताया कि छावनी क्षेत्र से तकरीबन 8 हजार लोगों ने दो साल पहले फॉर्म जमा किए थे। अभी तक आधार कार्ड नहीं आया।

केंद्रीय आधार प्रोजेक्ट के स्टेट रिसोर्स पर्सन आदित्य कुमार ने बताया कि इस संबंध में पता करेंगे। लोग वेबसाइट पर जाकर ग्रीवेंस पर क्लिक करें। वहां कार्ड की जानकारी मिल जाएगी।

आज होगी आधार कार्ड एजेंसियों की बैठक
आधार कार्ड बनवाने में जनता को हो रही परेशानी के मद्देनजर एडीएम वित्त प्रताप सिंह शाह शुक्रवार को आधार कार्ड बनाने वाली एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे। गुरुवार को यह बैठक होनी थी, लेकिन किसी वजह से इसे टाल दिया गया।

जिला प्रशासन को यह पता नहीं है कि किस एजेंसी ने कितने आधार कार्ड बनाए हैं? बैठक में एजेंसियों से पूरा ब्यौरा लिया जाएगा। पता किया जाएगा कि एजेंसियों ने कहां-कहां शिविर लगा रखे हैं। एडीएम वित्त शाह ने बताया कि हर महीने एजेंसियों के कार्य की समीक्षा की जाएगी। शिविरों में आधार कार्ड बनाने की स्थिति भी देखेंगे।

इस वेबसाइट पर भी पता कर सकते हैं...
help@uidai.gov.in
टॉल फ्री नंबर-1800110111

काम कर रहीं पांच एजेंसियां
शहर में पांच एजेंसियां अलग-अलग शिविर लगाकर आधार कार्ड बनाने का काम कर रही हैं। केंद्रीय आधार प्रोजेक्ट के स्टेट रिसोर्स पर्सन आदित्य कुमार ने बताया कि नेकटॉन इंडिया, विरिंची टेक्नोलॉजी, वेवल, डाटा सॉफ्ट कंप्यूटर सर्विस और कोनाट्स इन्फोकॉम आधार कार्ड बना रही हैं। नगर निगम में विरिंची का शिविर लगा है।

वेबसाइट पर आधार कार्ड स्टेटस न दिखने से हंगामा
आधार कार्ड व्यवस्था चौपट होने से हाय-तौबा मची है। कौन कंपनी कहां शिविर लगा रही है, किसी को पता नहीं? वेबसाइट पर आधार कार्ड का स्टेटस न दिखने पर लोगों ने गुरुवार को नगर निगम में हंगामा किया।

माजरा और क्लेमेंटटाउन में लगे शिविरों में लंबी लाइन रही। लोगों की घबराहट का फायदा दलाल खूब उठा रहे हैं। आधार कार्ड बनवाने के नाम पर वसूली की जा रही है।

लोगों का कहना था कि वे दोबारा फॉर्म भरेंगे। एजेंसियों के कर्मचारियों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया। निगम में लंच टाइम तक आधार कार्ड के लिए तीन हजार फार्म बांटे गए। खिड़की पर लाइन लगाए लोगों को लंच के बाद फॉर्म नहीं मिला तो वे शोर मचाने लगे। फार्म न मिलने की शिकायत लोगों ने मेयर विनोद चमोली से की।

विरंची एजेंसी के कर्मचारी वेणु गोपाल रेड्डी ने बताया कि आधार कार्ड के लिए फार्म सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक बांटे जा रहे हैं। फॉर्म पर नंबर डाल दिए जाते हैं। उसी के मुताबिक लोगों को बुलाया जाता है। माजरा और क्लेमेंटटाउन में लगे शिविरों में भी कार्ड बनवाने वालों की लंबी लाइन लगी रही।

ऐसे पता करें
वेबसाइट खोलें। आधार स्टेटस का लिंक क्लिक करें। नामांकन संख्या और तिथि भरें। सामने आधार कार्ड की स्थिति आ जाएगी। रिजेक्टेड आए तो कार्ड के लिए फिर फॉर्म भरें। प्रोसेसिंग या जनरेटेड आए तो फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। आपका कार्ड बन गया है। कार्ड के संबंध में पता करने के लिए टॉल फ्री नंबर भी है, लेकिन लाइन ज्यादातर व्यस्त बताती है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें